Haripur News: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा स्थित तारबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) में एक अस्थायी सुरक्षा बांध टूटने से निर्माणाधीन सुरंग में पानी भर गया। इस घटना के बाद वहां काम कर रहे चीनी इंजीनियरों और पाकिस्तानी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन 1,410 मेगावाट क्षमता वाली इस अहम जलविद्युत परियोजना का काम अनिश्चित काल के लिए रुक गया है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हरिपुर जिले में तारबेला बांध के पांचवें विस्तार प्रोजेक्ट (T-5) पर बड़ा हादसा हुआ है। निर्माण कार्य के दौरान पानी रोकने के लिए बनाया गया अस्थायी सुरक्षा तटबंध अचानक टूट गया, जिससे भारी मात्रा में पानी निर्माणाधीन मुख्य सुरंग संख्या 5 में प्रवेश कर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बचाव दलों ने तुरंत कार्रवाई कर स्थल पर मौजूद सभी चीनी इंजीनियरों और पाकिस्तानी श्रमिकों को बाहर निकाला। बहाव की चपेट में आए एक श्रमिक को भी सुरक्षित निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सुरक्षा तटबंध टूटने से रुका निर्माण कार्य
हरिपुर के उप-आयुक्त के अनुसार, खुदाई कार्य के दौरान चट्टान का एक हिस्सा खिसकने से यह सुरक्षात्मक ढांचा क्षतिग्रस्त हुआ। यह अस्थायी बांध इसलिए तैयार किया गया था ताकि सुरंग की खुदाई और कंक्रीट निर्माण के दौरान पानी का प्रवाह अंदर न आ सके।
तटबंध के अचानक टूटने से पानी तेजी से सुरंग के भीतर भर गया। कुछ स्थानीय अधिकारियों और परियोजना से जुड़े सूत्रों ने इस विफलता के पीछे चीनी ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, हालांकि प्रशासन ने मामले की वास्तविक वजह जानने के लिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
1,410 मेगावाट की पनबिजली परियोजना पर असर
तारबेला T-5 परियोजना पाकिस्तान की ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसके निर्माण का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय विद्युत ग्रिड में 1,410 मेगावाट अतिरिक्त बिजली जोड़ना है। अब सुरंग से लाखों गैलन पानी की निकासी और आंतरिक संरचना को पहुंचे नुकसान का आकलन करने में लंबा समय लग सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना के कारण परियोजना की निर्धारित समयसीमा में काफी देरी होना तय है।
पाकिस्तान में मुश्किलों से जूझ रहे चीनी प्रोजेक्ट
तारबेला बांध विस्तार में आई रुकावट से पहले भी पाकिस्तान में चीन समर्थित कई विकास परियोजनाएं सुरक्षा और वित्तीय संकट के चलते प्रभावित हुई हैं:
- कराकोरम हाईवे प्रोजेक्ट: चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के तहत करीब 1.8 अरब डॉलर की इस परियोजना में चीनी नागरिकों पर हुए हमलों और सुरक्षा चिंताओं के कारण फंडिंग रोकी गई थी, जिसके चलते काम धीमा पड़ा।
- ग्वादर पोर्ट परियोजना: बलूच अलगाववादी समूहों के हमलों और विदेशी कर्मचारियों की सुरक्षा चुनौतियों के कारण ग्वादर में वाणिज्यिक और औद्योगिक ढांचा तैयार करने का काम कई बार बाधित हुआ है।
- दासू हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट: चीनी इंजीनियरों के काफिले पर आतंकी हमलों के बाद इस बांध परियोजना पर कई बार सुरक्षा कारणों से महीनों तक निर्माण कार्य रुका रहा।
- मेन लाइन-1 (ML-1) रेलवे प्रोजेक्ट: कराची से पेशावर तक मुख्य रेलवे लाइन के आधुनिकीकरण की योजना वित्तीय शर्तों, कर्ज के बोझ और पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति के कारण वर्षों से लंबित है।