पाकिस्तान के सियालकोट में टिकटॉकर के कार्यक्रम में मची भगदड़, एक व्यक्ति की मौत और कई घायल

Share

- Advertisement -

Sialkot News: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित सियालकोट में मशहूर टिकटॉकर ‘मिस्टर पट्टलो’ के एक कार्यक्रम के दौरान भारी भगदड़ मच गई। स्टेडियम का प्रवेश द्वार खुलते ही भीड़ के अनियंत्रित होने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग घायल हो गए।

पाकिस्तान के सियालकोट जिले में शनिवार रात सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुहम्मद अंसार जट्ट (मिस्टर पट्टलो) के एक निजी कार्यक्रम में भारी अफरा-तफरी मच गई। डस्का रोड स्थित फराज क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित इस मेहंदी समारोह और पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। मैदान का मुख्य द्वार खुलते ही अंदर घुसने की होड़ में भीड़ बेकाबू हो गई, जिससे कई लोग गिर पड़े और भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हादसे में 30 वर्षीय मुहम्मद अकील की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक लोग घायल हो गए।

रेस्क्यू 1122 और स्थानीय पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पाकिस्तान के कई जिलों से लोग पहुंचे थे। घायलों में नारोवाल, गुजरांवाला, शेखूपुरा, खानेवाल, ओकारा, सियालकोट, गुजरात और बहावलपुर के 22 से 51 वर्ष की आयु के लोग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों ने घायलों को अल्लामा इकबाल मेमोरियल टीचिंग अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश घायलों को छुट्टी दे दी गई है।

स्थानीय लोगों ने किया ज्यादा घायलों का दावा

सरकारी आंकड़ों में जहां एक व्यक्ति की मौत और करीब 14 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है, वहीं स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रभावितों की संख्या अधिक हो सकती है। स्थानीय निवासियों मुहम्मद आसिफ और आमिर अली के अनुसार, घटना के तुरंत बाद कई घायलों को निजी वाहनों से नजदीकी क्लीनिकों और अस्पतालों में ले जाया गया था। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस स्थिति की जांच कर रहे हैं।

Read more

Related News