नाइजीरिया में बड़ा विमान हादसा, वायुसेना का प्लेन क्रैश होने से 32 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने जताया गहरा दुख

Share

- Advertisement -

Abuja News: नाइजीरिया में वायुसेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस दर्दनाक हादसे में सवार सभी 32 लोगों की जान चली गई है। मरने वालों में 25 यात्री और 7 क्रू मेंबर शामिल हैं। राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने इस घटना की पुष्टि की और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई।

नाइजीरियाई एयरफोर्स का एटीआर-42 विमान बेनिन सिटी से लागोस के लिए रूटीन मिशन पर निकला था। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके तुरंत बाद विमान दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा क्षेत्र में गिरकर क्रैश हो गया। विमान का मलबा कोस्टल इलाके के पास मिला है।

नागरिक उड्डयन मंत्री फेस्टस कीयामो ने बताया कि कंट्रोल रूम से सोमवार सुबह करीब 8:13 जीएमटी पर संपर्क टूट गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य रूटीन उड़ान थी। विमान को किसी आपात मिशन पर नहीं भेजा गया था। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग नदी किनारे जमा दिखे।

हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। बचावकर्मियों ने नावों के सहारे पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। स्थानीय निवासी 39 वर्षीय दायो अकिन्टे ने बताया कि उन्हें बादलों की तेज गड़गड़ाहट जैसी आवाज सुनाई दी थी। बाद में उन्हें प्लेन क्रैश की जानकारी मिली।

राष्ट्रपति टिनुबू ने इस घटना को देश और सेना के लिए बड़ा नुकसान बताया। उन्होंने वायुसेना को तत्काल पूरी जांच करने का निर्देश दिया है। इससे पहले मई 2021 में सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इब्राहिम अत्ताहिरू समेत 11 लोगों की प्लेन क्रैश में जान गई थी। वर्ष 2015 में भी सैन्य विमान हादसे में 7 लोग मारे गए थे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News