Lagos News: नाइजीरिया में सोमवार को एक सैन्य विमान हादसे का शिकार हो गया। बेनिन सिटी से लागोस जा रहे वायु सेना के विमान में सवार सभी 32 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 25 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य शामिल थे। राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
सुबह नौ बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूटा संपर्क
नाइजीरिया के नागरिक उड्डयन मंत्री फेस्टस केयामो ने बताया कि वायु सेना का एटीआर-42 विमान सामान्य मिशन पर रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद सुबह करीब नौ बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से इसका संपर्क पूरी तरह टूट गया। इसके तुरंत बाद नौसेना बेस के पास बड़े पैमाने पर खोज अभियान शुरू किया गया।
बचाव दलों को विमान का मलबा तटीय शहर इग्बोकोडा के पास नदी किनारे मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार विमान तेज धमाके जैसी आवाज के साथ जमीन पर गिरा और उसका कुछ हिस्सा पानी में समा गया। घटनास्थल पर चारों तरफ मलबा बिखर गया। हाल के वर्षों में यह देश का सबसे भयानक विमान हादसा माना जा रहा है।