यूरोपीय संसद में लगी डोनाल्ड ट्रंप की 23 कैरेट सोने की नग्न मूर्ति, कलाकार ने नाम दिया ‘ऑरेंज प्लेग’

Share

- Advertisement -

Strasbourg News: फ्रांस के स्ट्रासबर्ग स्थित यूरोपीय संसद की इमारत में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की 23-कैरेट गोल्ड प्लेटेड नग्न मूर्ति प्रदर्शित की गई है। डेनिश मूर्तिकार जेन्स गैलशियोट द्वारा तैयार इस 8.5 फुट ऊंची प्रतिमा को ‘ऑरेंज प्लेग’ नाम दिया गया है। संसद परिसर में यह कलाकृति जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है।

हाथ में तराजू और गोल्फ क्लब लिए दिखी प्रतिमा

इस प्रतिमा में ट्रंप के एक हाथ में न्याय का तराजू और दूसरे हाथ में गोल्फ क्लब दिखाया गया है। पास ही मौजूद गोल्फ बॉल को दुनिया के रूप में चित्रित किया गया है। मूर्ति में ट्रंप एक छोटे और कपड़े पहने हुए व्यक्ति के कंधों पर बैठे नजर आ रहे हैं, जो उनके भारी बोझ तले दबा हुआ है।

प्रतिमा के आधार पर एक व्यंग्यात्मक संदेश अंकित किया गया है। इसमें लिखा है कि वह उस व्यक्ति की पीठ पर बैठे हैं, जो उनके बोझ से दब रहा है। वे उसकी हर संभव मदद करेंगे, सिवाय उसकी पीठ से नीचे उतरने के। इस कलाकृति को ‘अन्याय का राजा’ भी कहा जा रहा है, जो ट्रंप की नीतियों पर तीखा कटाक्ष है।

‘सम्राट के नए कपड़े’ कहानी से प्रेरित है यह कलाकृति

मूर्तिकार जेन्स गैलशियोट के अनुसार यह कलाकृति प्रसिद्ध कहानी ‘द एम्परर्स न्यू क्लोद्स’ पर आधारित है। यह कहानी एक अहंकारी शासक पर केंद्रित है जो खुद को वस्त्रों से ढका मानता है, जबकि वह नग्न होता है। कलाकार का कहना है कि ट्रंप लोकतांत्रिक मूल्यों, वैश्विक व्यवस्था और जलवायु संकट से निपटने के प्रयासों के लिए एक गंभीर चुनौती हैं।

यूरोपीय संसद की दो इमारतों को जोड़ने वाले व्यस्त चौराहे पर रखी यह मूर्ति गुरुवार तक प्रदर्शित रहेगी। प्रदर्शन के दौरान आगंतुकों को विरोध के प्रतीक स्वरूप इस मूर्ति के छोटे 3D-प्रिंटेड मॉडल भी बांटे गए हैं। कलाकार का उद्देश्य लोगों को ऐसे दबदबे के खिलाफ जागरूक करना और एकजुट आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News