Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। व्हाइट हाउस की नई प्रेस सचिव केटी जकारिया को पद संभालने के मात्र पांच दिन बाद जिम्मेदारी छोड़नी पड़ी है। पहली प्रेस वार्ता के कमजोर प्रदर्शन और वकालत की डिग्री पर उठे विवाद के बाद यह कदम उठाया गया।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक जकारिया को पद से हटा दिया गया है, हालांकि उनके प्रशासन में किसी अन्य पद पर जाने की चर्चा भी है। फिलहाल उनके नए रोल पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ किया है कि उन्हें नया प्रेस सचिव नियुक्त करने की कोई जल्दबाजी नहीं है।
पहली प्रेस ब्रीफिंग और लॉ डिग्री पर विवाद
जकारिया ने सोमवार को काम शुरू किया था और मंगलवार को पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केवल 14 मिनट चली इस ब्रीफिंग में उन्होंने महज तीन पत्रकारों के सवाल लिए, जिसके बाद उनकी तैयारी पर सवाल उठने लगे। इसके अलावा उनकी कानूनी योग्यता को लेकर भी गंभीर विवाद खड़ा हो गया।
राष्ट्रपति ट्रंप ने नियुक्ति के समय जकारिया को वकील बताया था। बाद में सामने आया कि वह कैलिफोर्निया में बार परीक्षा पास नहीं कर सकी थीं। जकारिया ने एक इंटरव्यू में माना कि शादी और चीन यात्रा की तैयारी के चलते उनका ध्यान भटक गया था, जिससे विवाद और गहरा गया।
ट्रंप की सलाह के बाद पांचवें दिन छोड़ा पद
राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने खुद जकारिया को इस पद पर बने रहने के फैसले पर दोबारा सोचने की सलाह दी थी। ट्रंप के मुताबिक मीडिया ने उनके साथ बेहद कड़ा रुख अपनाया। जकारिया का यह पांच दिवसीय संक्षिप्त कार्यकाल अब व्हाइट हाउस के इतिहास में दर्ज हो गया है।
