London News: ब्रिटेन के आसमान में शुक्रवार और शनिवार शाम कुदरत का विहंगम दृश्य देखने को मिला। सूर्य में तेज हलचल के कारण आसमान ऑरोरा बोरेलिस यानी नॉर्दर्न लाइट्स के चटख रंगों से जगमगा उठा। आमतौर पर यह रोशनी उत्तरी ध्रुव और स्कॉटलैंड के पास दिखती है, लेकिन इस बार सौर तूफान के असर से यह दक्षिण तक नजर आई।
शनिवार रात डेवॉन, हैंपशायर और केंट जैसे दक्षिणी क्षेत्रों में भी लोगों ने इस खगोलीय नजारे को देखा। वैज्ञानिकों के मुताबिक, सूर्य की सतह पर होने वाले विशाल विस्फोटों यानी कोरोनल मास इजेक्शन से चार्ज्ड पार्टिकल्स पृथ्वी की ओर आए। जब ये कण हमारे वायुमंडल की ऑक्सीजन और नाइट्रोजन से टकराते हैं, तो आकाश में हरी, लाल और बैंगनी रोशनी फैलती है।
सौर तूफान की तीव्रता बढ़ने से दक्षिणी हिस्सों में दिखा नजारा
इस बार ऑरोरा दिखने का मुख्य कारण इसकी असाधारण तीव्रता थी। आम तौर पर 200 नैनोटेस्ला की तीव्रता सिर्फ उत्तरी ब्रिटेन तक असर दिखाती है, लेकिन शनिवार को यह माप 600 नैनोटेस्ला तक पहुंच गया। सूर्य अपने 11 वर्ष के सौर चक्र के चरम पर है। ब्रिटेन के मौसम विभाग ने बताया कि साफ आसमान रहने पर मंगलवार तक यह दृश्य स्कॉटलैंड में फिर दिखेगा।
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि इस दृश्य को देखने के लिए शहर की कृत्रिम रोशनी से दूर अंधेरे इलाकों में जाएं। मानव आंखों की कोशिकाएं रात के अंधेरे में रंगों को पूरी तरह पकड़ नहीं पाती हैं, जिससे दृश्य हल्का दिखता है। वहीं स्मार्टफोन के कैमरे बिना किसी रुकावट के इन प्राकृतिक रंगों और खूबसूरत छटा को पूरी स्पष्टता के साथ कैद कर लेते हैं।
