Tokyo News: जापान की राजधानी तोक्यो के पूर्वी इलाकों और चिबा प्रांत में रातभर हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता है। मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं और हजारों लोग जगह-जगह फंस गए।
चिबा में बाढ़ से बिगड़े हालात, ट्रेन और बिजली व्यवस्था ठप
मौसम एजेंसी ने चिबा के कई इलाकों के लिए जारी रेड अलर्ट चेतावनी का स्तर घटा दिया है। बारिश और बाढ़ के कारण घरों में पानी भर गया और रेल पटरियां डूब गईं। ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स ने सोगा स्टेशन पर फंसे करीब 4,000 यात्रियों को निकालने के लिए स्पेशल बसें भेजीं।
नारिता एयरपोर्ट पर फंसे यात्री, 18 हजार घरों की बिजली गुल
नारिता इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रातभर फंसे हजारों पैसेंजर्स सुबह सीमित ट्रेन सर्विस शुरू होने के बाद धीरे-धीरे रवाना हुए। चिबा की सरकारी इमारतों में सैकड़ों नागरिकों ने रात बिताकर शरण ली। प्रशासन के मुताबिक 170 से ज्यादा मकानों में पानी घुसा है और 300 से अधिक लोग राहत कैंपों में मौजूद हैं।
पावर ग्रिड कंपनी के मुताबिक बाढ़ के चलते सुबह लगभग 18,000 घरों में बिजली गुल रही, जबकि पहले यह आंकड़ा 68,000 था। मौसम विभाग के अनुसार चिबा शहर में एक घंटे के दौरान 11.5 सेंटीमीटर और साकुरा में 9.7 सेंटीमीटर रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। बचाव दल लगातार राहत कार्यों में जुटा हुआ है।