Washington News: अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी रॉकेट लॉन्चर्स पर एयर स्ट्राइक की है। पिछले एक महीने में ईरान के खिलाफ यह अमेरिका का पहला बड़ा एक्शन है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच पिछले छह महीने से जारी संघर्ष में कुछ समय से बना सीजफायर पूरी तरह खत्म हो गया है।
यूएस सेंट्रल कमांड के स्पोक्सपर्सन टिम हॉकिन्स के अनुसार, ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के जवान होर्मुज रूट पर रॉकेट दागने और माइन बिछाने की तैयारी कर रहे थे। अमेरिकी नौसेना ने पिछले हफ्ते ही इस इंटरनेशनल शिपिंग रूट से माइंस हटाने का ऑपरेशन पूरा किया था। लारक आइलैंड के पास जोरदार धमाके सुने गए।
ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी बेस पर दागी मिसाइलें
हमले के बाद ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड ने माना कि उनके कई लड़ाके और नागरिक हताहत हुए हैं। इसके जवाब में ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिकी बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। जॉर्डन की सेना ने अपने एयरस्पेस में घुसने वाली आठ मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। इस घटना से तनाव बढ़ गया है।
ट्रंप ने खाड़ी देशों की अपील पर रोकी थी सैन्य कार्रवाई
ईरान 28 फरवरी से खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लगातार टारगेट कर रहा है। इससे पहले 29 जुलाई को अमेरिकी सेना ने तटीय डिफेंस सिस्टम पर स्ट्राइक की थी। हालांकि, 1 अगस्त को प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कतर, सऊदी अरब और यूएई के अनुरोध पर सैन्य हमलों को अस्थायी रूप से रोक दिया था।