Tehran News: ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान ने उनका इस्तीफा मंजूर करते हुए नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी के प्रमुख हामिद बोवार्ड को कार्यवाहक तेल मंत्री बनाया है। यह राजनीतिक घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब देश गंभीर आर्थिक और रणनीतिक दबाव का सामना कर रहा है।
मोहसेन पाकनेजाद अगस्त 2024 से तेल मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे थे। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, पाकनेजाद ने काफी पहले निजी कारणों से अपना त्यागपत्र सौंपा था। राष्ट्रपति ने शुरुआती दौर में इसे अस्वीकार कर दिया था, लेकिन बाद में पाकनेजाद के विशेष आग्रह पर आखिरकार उनका इस्तीफा आधिकारिक रूप से स्वीकार कर लिया गया।
अमेरिकी प्रतिबंधों और क्षेत्रीय तनाव के बीच बढ़ीं मुश्किलें
ईरान का तेल क्षेत्र इस समय अमेरिकी प्रतिबंधों और निर्यात पर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव से जूझ रहा है। रणनीतिक रूप से अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव ने भी समुद्री निर्यात को बुरी तरह प्रभावित किया है। इन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पाकनेजाद ने हाल ही में देश के तेल राजस्व को लेकर सकारात्मक भरोसा जताया था।
सरकारी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व मंत्री ने दावा किया था कि पूर्व में बेचे गए कच्चे तेल से लगातार राजस्व मिल रहा है। दूसरी ओर, नेशनल ईरानी ऑयल कंपनी के प्रमुख रहे हामिद बोवार्ड के सामने अब ऊर्जा क्षेत्र को संभालने की बहुत कठिन चुनौती होगी। राष्ट्रपति ने बोवार्ड की प्रशासनिक क्षमता पर भरोसा जताया है।