Tehran News: ईरान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत होने की बात कही गई थी। ईरान के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच फिलहाल किसी भी तरह की कोई सीधी या अप्रत्यक्ष वार्ता नहीं हो रही है।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी पक्ष की ओर से बातचीत की नई कोशिशों के दावों को सिरे से नकार दिया है। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, मंत्रालय ने कहा कि तेहरान ने संवाद शुरू करने की कोई पहल नहीं की है। विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि बातचीत का प्रस्ताव खुद अमेरिका की तरफ से आया था।
सैन्य हमलों में रुकावट के बाद भी बनी हुई है तल्खी
ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य हमलों पर दो दिनों से अस्थायी विराम लगा हुआ है। इसके बावजूद तेहरान का रुख बिल्कुल सख्त बना हुआ है। अमेरिकी प्रशासन राजनयिक प्रयासों के जारी रहने का संकेत दे रहा है, लेकिन ईरान ने साफ कर दिया है कि हमलों के रुकने के बाद भी कोई वार्ता शुरू नहीं हुई है।
होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद, कच्चे तेल की कीमतें गिरीं
सैन्य गतिविधियों के थमने से वैश्विक स्तर पर राजनयिक बातचीत की उम्मीदें बढ़ी हैं। इसके चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप हालात को देखते हुए कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए थोड़ा समय दे रहे हैं।
ईरान ने अमेरिकी हमले रुकने के बाद अपनी तरफ से चलाए जा रहे जवाबी ऑपरेशन्स को रोकने की पुष्टि की है। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने रणनीति के तहत साफ किया है कि होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। यह बेहद रणनीतिक समुद्री जलमार्ग फिलहाल सभी तरह की जहाजरानी के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।