यूनान के लेसबोस और सामोस द्वीपों के पास नौकाएं पलटने से 12 प्रवासियों की मौत, बचाव अभियान जारी

Share

- Advertisement -

World News: यूनान के समुद्री तटों के पास दो अलग-अलग नाव हादसों में 12 प्रवासियों की मौत हो गई। लेसबोस और सामोस द्वीपों के पास नौकाएं पलटने से यह दर्दनाक हादसा हुआ। यूनानी तटरक्षक बल ने कई लोगों को सुरक्षित बचा लिया है, जबकि तीन लापता लोगों की तलाश जारी है।

तटरक्षक बल के प्रवक्ता ने बताया कि रविवार देर रात लेसबोस के दक्षिण में सीरिया और फलस्तीन के प्रवासियों की नौका गश्ती जहाज के अगले हिस्से से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक शिशु, एक महिला और चार पुरुषों सहित छह लोगों की जान चली गई।

तटरक्षक बल ने 20 से अधिक प्रवासियों को सुरक्षित बचाया

लेसबोस हादसे में आठ लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने इनमें से एक व्यक्ति को मानव तस्करी के संदेह में तुरंत हिरासत में ले लिया है। दल ने मौके पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अन्य लोगों की जान बचाने का हरसंभव प्रयास किया।

दूसरा हादसा सोमवार तड़के सामोस द्वीप के उत्तर में पेश आया। यहां भी प्रवासियों से भरी एक नौका समुद्र में पलट गई, जिससे एक महिला सहित छह प्रवासियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस क्षेत्र से राहत दल ने करीब 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है।

मानव तस्करी के आरोप में दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार

सामोस से बचाए गए लोगों में एक ईरानी नागरिक भी शामिल है, जिस पर मानव तस्करी में शामिल होने का गहरा शक है। प्रवक्ता के मुताबिक लापता तीन अन्य यात्रियों की खोजबीन के लिए एक गश्ती जहाज और हेलीकॉप्टर इलाके में लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं।

संघर्ष और भुखमरी से बचने के लिए प्रवासी यूरोपीय संघ पहुंचने को यूनान का मार्ग चुनते हैं। मध्य पूर्व, अफ्रीका और एशिया के लोग अक्सर तुर्किये तट से छोटी नौकाओं के जरिए यूनानी द्वीपों तक का खतरनाक समुद्री सफर तय करते हैं, जिससे अक्सर ऐसे गंभीर हादसे होते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News