Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर में अपने तीसरे कार्यकाल को लेकर ऐसा मजाक किया कि सभी चौंक गए। हालांकि, उन्होंने तुरंत साफ किया कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे। सुरक्षा कारणों से रद्द होने के बाद इस कार्यक्रम को दोबारा आयोजित किया गया था।
तीसरे राष्ट्रपति कार्यकाल को लेकर क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप
संबोधन के दौरान ट्रंप ने कहा कि जैसे उनका दूसरा कार्यकाल पहले से बेहतर है, वैसे ही यह डिनर भी पहले से शानदार है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि तीसरी बार सब कुछ और बेहतर होगा। अमेरिकी संविधान में दो से ज्यादा कार्यकाल की अनुमति न होने के कारण लोग चौंक गए, जिसके तुरंत बाद ट्रंप बोले, ‘मैं सिर्फ मजाक कर रहा हूं।’
अमेरिकी संविधान में राष्ट्रपति पद के लिए दो कार्यकाल की सीमा
अमेरिकी संविधान के 22वें संशोधन के तहत कोई भी व्यक्ति दो बार से ज्यादा राष्ट्रपति नहीं बन सकता। यह नियम 1951 में लागू हुआ था, जो राष्ट्रपति फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के चार कार्यकाल के बाद बना था। ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल में हैं और इससे आगे पद पर रहने के लिए संविधान में बड़े संशोधन की आवश्यकता होगी।
डिनर का नाम बदलने और अप्रैल में कार्यक्रम रद्द होने की वजह
कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने एक और मजाक करते हुए कहा कि डिनर का नाम बदलकर ‘ट्रंप व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर’ रखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पैरामाउंट स्काईडांस के सीईओ डेविड एलिसन ने उन्हें यह विचार दिया था। उन्होंने हंसते हुए कहा कि वे जल्द ही इसका नाम बदल देंगे।
यह डिनर अप्रैल में होना था, लेकिन एक बड़ी सुरक्षा घटना के कारण इसे टाल दिया गया था। कोल एलन नाम के एक व्यक्ति ने हथियार लेकर वॉशिंगटन हिल्टन होटल में घुसने की कोशिश की थी। सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ लिया था। उस दौरान गोलीबारी की आवाज के बाद ट्रंप और अधिकारियों को सुरक्षित निकाला गया था।
दिग्गज नेताओं की गैरमौजूदगी और कार्यक्रम में शामिल अहम हस्तियां
इस डिनर में फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो पूर्व व्यस्तताओं के कारण शामिल नहीं हो सके। हालांकि, युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, होमलैंड सिक्योरिटी मंत्री मार्कवेन मुलिन, गृह मंत्री डग बर्गम, ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और शिक्षा मंत्री लिंडा मैकमैहन जैसे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।