चीन में 5 साल की बच्ची ने गलती से निगला 50 ग्राम सोने का बिस्किट, डॉक्टरों ने बचाई जान

Share

- Advertisement -

Beijing News: चीन में खेल-खेल में पांच साल की एक मासूम बच्ची ने गलती से 50 ग्राम वजन का सोने का बिस्किट निगल लिया. बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने तुरंत एक जटिल एंडोस्कोपी सर्जरी करके उसकी जान बचा ली.

यह चौंकाने वाली घटना 16 अगस्त की बताई जा रही है. जब बच्ची को गंभीर हालत में बीजिंग चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, तो डॉक्टरों ने तुरंत उसके एक्स-रे टेस्ट किए. रिपोर्ट से पता चला कि 4 सेंटीमीटर लंबी और बेहद सख्त सोने की ईंट बच्ची के पेट की गैस्ट्रिक कैविटी में फंसी हुई है.

अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार इतना भारी और सख्त बिस्किट पेट के अंदर होने से पेट की नाजुक परत छिलने, इंटरनल ब्लीडिंग होने और पेट के आंतरिक अंगों में छेद होने का बहुत बड़ा खतरा बना हुआ था. बीजिंग चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल लाने से पहले परिजन बच्ची को कई स्थानीय क्लीनिकों में ले गए थे, लेकिन वहां इमरजेंसी एंडोस्कोपी की सुविधा नहीं थी.

कैपिटल मेडिकल यूनिवर्सिटी से संबद्ध इस बड़े अस्पताल में डॉक्टरों की टीम के पास ऑपरेशन करने के लिए काफी कम जगह बची थी. इसके बावजूद मेडिकल टीम ने बिना देरी किए इंट्रा-ऑपरेटिव एंडोस्कोपी तकनीक और विशेष स्नेयर उपकरण का इस्तेमाल किया और कुछ ही मिनटों के नाजुक ऑपरेशन से सोने का बिस्किट सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News