Delhi News: जीमेल यूजर्स के लिए पासवर्ड भूल जाने पर अकाउंट रिकवर करना अब और आसान होने वाला है। गूगल ‘सेल्फी वीडियो’ नाम का एक नया फीचर पेश कर रहा है। इसके जरिए यूजर अपना चेहरा दिखाकर आसानी से अपने अकाउंट में दोबारा साइन-इन कर सकेंगे।
यह नया फीचर रिकवरी फोन नंबर, कंप्यूटर या टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन ऐप जैसे पारंपरिक तरीकों पर निर्भरता को कम करेगा। गूगल इस सुविधा को अपने यूजर्स के लिए एक वैकल्पिक (ऑप्शनल) अकाउंट रिकवरी टूल के रूप में उपलब्ध करा रहा है।
जानिए कैसे काम करता है गूगल का नया सेल्फी वीडियो वेरिफिकेशन
इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर्स को पहले से एक रेफरेंस सेल्फी वीडियो सेट करना होगा। सेटअप के दौरान गूगल कैमरे के सामने सिर घुमाने जैसी कुछ बेसिक गतिविधियां करने को कहेगा। इसके बाद रिकॉर्ड हुआ यह वीडियो अकाउंट में सुरक्षित सेव हो जाएगा।
भविष्य में पासवर्ड भूलने पर गूगल यूजर से एक नया सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने को कहेगा। इसके बाद सिस्टम नए वीडियो का मिलान पहले से सेव रेफरेंस वीडियो से करेगा। लाइव मूवमेंट के कारण फोटो या पहले से रिकॉर्ड किए गए वीडियो का इस्तेमाल असंभव होगा।
डीपफेक और फर्जीवाड़े से सुरक्षा के लिए मजबूत इंतजाम
गूगल ने एआई से बने डीपफेक और फर्जी चेहरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा की कई परतें शामिल की हैं। यह सिस्टम केवल वीडियो मिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी जांचता है कि कैमरे के सामने असली व्यक्ति ही मौजूद है या नहीं।
सुरक्षा प्रणाली यूजर के डिवाइस, ब्राउजर सेटिंग्स, आईपी एड्रेस और लोकेशन जैसे कई सिग्नलों का भी विश्लेषण करती है। बायोमेट्रिक डेटा की प्राइवेसी के लिए रेफरेंस वीडियो को एन्क्रिप्ट किया जाता है, जिसे यूजर सेटिंग्स से कभी भी डिलीट कर सकते हैं।