New Delhi News: जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा प्रीमियम कार सेगमेंट में अपनी पकड़ दोबारा मजबूत करने की तैयारी में है। सिविक और सीआर-वी बंद होने के बाद अब कंपनी नई फ्लैगशिप हाइब्रिड एसयूवी ‘होंडा ZR-V’ पेश कर रही है। इसे सीबीयू यानी इम्पोर्टेड रूट से सीमित संख्या में भारत लाया जाएगा।
ट्रैक टेस्टिंग के दौरान होंडा ZR-V ने अपने ड्राइविंग डायनामिक्स, प्रीमियम फिनिशिंग और शानदार माइलेज से काफी प्रभावित किया है। इस एसयूवी में 2.0-लीटर का स्ट्रांग-हाइब्रिड इंजन दिया गया है। यह इंजन दो इलेक्ट्रिक मोटर्स के साथ मिलकर 181 bhp की पावर और 315 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
दमदार माइलेज और स्पोर्टी ड्राइविंग डायनामिक्स का मेल
कंपनी का दावा है कि यह हाइब्रिड एसयूवी 22.7 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देती है। वहीं आम सड़कों पर भी यह 16 से 18 किमी/लीटर का माइलेज आसानी से दे सकती है। कार एकदम ईवी मोड में स्टार्ट होती है और इसका eCVT गियरबॉक्स बेहद स्मूथ और क्विक रिस्पॉन्स प्रदान करता है।
कार चलाने के शौकीनों के लिए इसका स्टीयरिंग फीडबैक और पैडल शिफ्टर्स बहुत खास अनुभव देते हैं। बड़ा साइज होने के बाद भी यह मोड़ पर काफी बैलेंस बनाए रखती है। लुक्स के मामले में इसका फ्रंट लुक मासेराती कार की तरह लगता है, जिससे सड़क पर बेहतरीन रोड प्रेजेंस मिलती है।
इंटीरियर फीचर्स और संभावित कीमत की चुनौती
इसका ऑल-ब्लैक इंटीरियर काफी रिच है, लेकिन टचस्क्रीन सिस्टम छोटा और काफी बेसिक है। इसमें वेंटिलेटेड सीट्स और सनरूफ जैसे जरूरी फीचर्स की कमी जरूर खलेगी। हालांकि, इसके बूट स्पेस में ऑटो-क्लोज बटन जैसे कुछ काम के और प्रैक्टिकल फीचर्स दिए गए हैं जो लगेज निकालने में मददगार हैं।
इम्पोर्टेड मॉडल होने के कारण इस पर भारी टैक्स लगेगा, जिससे इसकी संभावित एक्स-शोरूम कीमत 40 लाख से 45 लाख रुपये हो सकती है। इस बजट में इसका मुकाबला स्कोडा कोडिएक और जीप मेरिडियन जैसी कारों से होगा। फिर भी अपने स्पोर्टी लुक्स और माइलेज से यह चुनिंदा ग्राहकों को आकर्षित करेगी।