California News: दिग्गज टेक कंपनी Apple और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी OpenAI के बीच विवाद बढ़ गया है। Apple ने अपने 40 पूर्व कर्मचारियों को लीगल प्रिजर्वेशन लेटर भेजा है। ये सभी कर्मचारी इस समय OpenAI में कार्यरत हैं। कंपनी ने उन्हें ईमेल, दस्तावेज और मैसेज समेत सभी डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का सख्त निर्देश दिया है।
फाइनेंशियल की रिपोर्ट के अनुसार Apple ने आरोप लगाया है कि OpenAI ने उसके अनुभवी इंजीनियरों को नौकरी पर रखकर सीक्रेट तकनीकी जानकारी हासिल की है। अमेरिका में मुकदमे के दौरान डिजिटल सबूतों को सुरक्षित करने के लिए आमतौर पर ऐसे लेटर भेजे जाते हैं। ताकि भविष्य की कानूनी कार्रवाई में डेटा को मिटाया न जा सके।
पूर्व कर्मचारियों पर लगा गोपनीय डेटा चुराने का आरोप
Apple ने पिछले हफ्ते OpenAI के खिलाफ ट्रेड सीक्रेट चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। कंपनी का कहना है कि OpenAI ने रणनीतिक तरीके से उसके कर्मचारियों को अपनी तरफ खींचा और गोपनीय हार्डवेयर एवं प्रोडक्ट डेवलपमेंट से जुड़ी जानकारियों तक पहुंच बनाई। कंपनी के अनुसार यह मामला केवल चुनिंदा लोगों तक सीमित नहीं है, बल्कि एक बड़ा उल्लंघन है।
मुकदमे में OpenAI के चीफ हार्डवेयर ऑफिसर Tang Tan और हार्डवेयर टीम सदस्य Chang Liu का नाम प्रमुख है। Tang Tan ने Apple में 24 साल काम किया और बड़े प्रोडक्ट्स डिजाइन किए। वहीं Chang Liu सीनियर इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे। Apple का आरोप है कि इनके जरिए कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस और प्रोपाइटरी डिजाइन लीक हुए हैं।
OpenAI ने खारिज किए आरोप और Apple की मांग
OpenAI ने ब्लूमबर्ग को दिए बयान में Apple के सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। AI कंपनी का कहना है कि उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जो Apple की शिकायत को सही साबित करे। फिलहाल इन दावों का कोई ठोस आधार नहीं है। हालांकि Apple का दावा है कि उसके 400 से ज्यादा पूर्व कर्मचारी अब OpenAI में काम कर रहे हैं।
Apple ने कोर्ट से मांग की है कि OpenAI को उस डेटा के इस्तेमाल से रोका जाए जो उसके पूर्व कर्मचारियों के जरिए मिला है। इसके अलावा कंपनी ने बड़े मुआवजे और हर्जाने की मांग की है। Apple ने Tang Tan और Chang Liu के खिलाफ एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करने का अलग से केस भी किया है।