Technology News: सोशल मीडिया दिग्गज यूट्यूब और फेसबुक ने यूजर्स को उनके पसंदीदा कंटेंट पर ज्यादा नियंत्रण देने के लिए नए फीचर्स पेश किए हैं। यूट्यूब जहां आसान प्रॉम्प्ट्स के जरिए ‘कस्टम फीड’ बनाने की सुविधा दे रहा है, वहीं फेसबुक ने ‘योर एल्गोरिदम’ फीचर की घोषणा की है। इन फीचर्स के जरिए यूजर्स खुद तय कर सकेंगे कि वे अपनी फीड में क्या देखना चाहते हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स यूट्यूब और फेसबुक यूजर्स के कंटेंट देखने के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नए पर्सनलाइजेशन टूल्स ला रहे हैं। यूट्यूब ने अमेरिका में अंग्रेजी भाषा के यूजर्स के लिए ‘कस्टम फीड’ (Custom Feed) फीचर रोल आउट करना शुरू किया है, जबकि फेसबुक का नया ‘योर एल्गोरिदम’ (Your Algorithm) फीचर चुनिंदा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है। इन दोनों फीचर्स के जल्द ही भारतीय यूजर्स के लिए भी जारी होने की उम्मीद है।
यूट्यूब कस्टम फीड: प्रॉम्प्ट लिखकर बनाएं अपनी पसंद की फीड
यूट्यूब के इस नए फीचर के तहत यूजर्स साधारण भाषा में प्रॉम्प्ट लिखकर अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार एक अलग वीडियो फीड तैयार कर सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि यूजर वर्कआउट से जुड़े वीडियो देखना चाहता है, तो वह ‘Show me 10-minute workout videos’ जैसा निर्देश देकर फीड बना सकता है।
कैसे बनाएं कस्टम फीड:
- यूट्यूब ऐप के होम पेज पर जाएं।
- होम फीड के ऊपरी हिस्से में दिखने वाले ‘+’ बटन पर टैप करें।
- अपनी पसंद या टॉपिक लिखें, जैसे—’शॉर्ट योगा वीडियो’ या ‘नई टेक्नोलॉजी की जानकारी देने वाले वीडियो’।
- यूट्यूब आपके डिस्क्रिप्शन के आधार पर एक अलग फीड तैयार कर देगा।
- यह तैयार फीड होम स्क्रीन पर सबसे ऊपर दिखाई देगी।
ये कस्टम फीड्स सेव रहते हैं, जिससे यूजर अलग-अलग मूड या विषयों के बीच आसानी से स्विच कर सकते हैं। हालांकि, यदि किसी कस्टम फीड का 30 दिनों तक इस्तेमाल नहीं किया जाता है, तो वह स्वतः हट जाएगी। सामान्य यूजर्स अधिकतम तीन और प्रीमियम सब्सक्राइबर्स आठ एक्टिव कस्टम फीड बना सकते हैं।
होम पेज के डिजाइन में भी बदलाव
यूट्यूब ने ऐप के होम स्क्रीन इंटरफेस को भी अपडेट किया है। अब लाइव वीडियो, म्यूजिक, मूवीज और टीवी शोज जैसे कंटेंट के लिए अलग-अलग सेक्शन्स दिए गए हैं। इसके साथ ही यूजर्स की सहूलियत के लिए सब्सक्रिप्शन सेक्शन को भी होम टैब के ऊपरी हिस्से में शिफ्ट कर दिया गया है।
फेसबुक का ‘योर एल्गोरिदम’ फीचर
मेटा ने फेसबुक यूजर्स के लिए ‘योर एल्गोरिदम’ फीचर पेश किया है। इसके जरिए यूजर्स सीधे यह तय कर सकेंगे कि उनकी मुख्य फीड और रील्स में किस तरह का कंटेंट दिखेगा।
फेसबुक पर किसी भी पोस्ट के थ्री-डॉट मेन्यू में जाकर ‘Your Algorithm’ विकल्प चुना जा सकता है। वहां यूजर अपने शब्दों में लिखकर समझा सकते हैं कि वे किन टॉपिक्स से जुड़ा कंटेंट अधिक देखना चाहते हैं और किसे अपनी फीड से हटाना या कम करना चाहते हैं।