Dehradun News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रबंधन, चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के आदेश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपना फोन चालू रखने और हर वक्त उपलब्ध रहने की सख्त हिदायत दी है।
15 अक्टूबर तक राज्य की सभी सड़कें गड्ढामुक्त करने के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने मानसून के दौरान आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 15 अक्टूबर तक राज्य की सभी सड़कों को हर हाल में पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाया जाए।
मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों, अवरुद्ध मार्गों और ड्रेनेज सिस्टम की समस्या का ब्यौरा तैयार करने के आदेश दिए गए। बारिश खत्म होते ही प्राथमिकता के आधार पर पुनर्निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू करने को कहा गया।
‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान में आएगी तेजी
बैठक में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून के बाद इस अभियान में और तेजी लाई जाए ताकि दूरदराज के क्षेत्रों तक योजनाएं पहुंच सकें।
जिन ग्रामों में शिविर नहीं लगे हैं, वहां प्राथमिकता पर कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए गए। धामी ने स्पष्ट किया कि ये शिविर औपचारिकता न होकर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का जरिया बनने चाहिए।