उत्तराखंड में बारिश और भूस्खलन से केदारनाथ यात्रा रुकी, तो हिमाचल में बर्फबारी से कड़ाके की ठंड और अलर्ट जारी

Share

- Advertisement -

Rishikesh News: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम के बिगड़े मिजाज ने भारी तबाही मचाई है। उत्तराखंड में मुसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी से अचानक भीषण ठंड बढ़ गई है। भूस्खलन और बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा पूरी तरह रोक दी गई है।

उत्तराखंड के सभी जिलों में कल से ही तेज बारिश का दौर जारी है। ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी के निशान के पार पहुंच चुका है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर घाटों पर जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन होने से करीब 4 हजार श्रद्धालु रास्ते में फंस गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज केदारनाथ यात्रा रोक दी गई है। खराब मौसम के कारण क्षेत्र में हेलीकॉप्टर सेवाएं भी पूरी तरह बंद हैं।

हिमाचल प्रदेश में सितंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट बदली है। रविवार को शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और झमाझम बारिश दर्ज की गई। ऊंची चोटियों पर हिमपात होने से पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में तेज बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के खराब रुख को देखते हुए प्रमुख सड़कों और नेशनल हाईवे पर आवाजाही बहुत जोखिम भरी हो गई है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा है।

पहाड़ियों से चट्टानें और पत्थर गिरने के कारण कई रास्ते बंद हो गए हैं। स्पीति और काजा को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 505 पर मलिंग नाला के पास पहाड़ी से पत्थरों की बौछार होने के बाद वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है।

किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों के साथ स्पीति वैली के काजा और चिचम में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। किन्नौर के कल्पा में तापमान गिरकर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो रविवार को राज्य में सबसे कम दर्ज हुआ था।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जनजातीय और मध्य पर्वतीय इलाकों में काफी अच्छी बारिश और हिमपात हुआ है। इसके बाद से पूरे इलाके में ठंड काफी बढ़ गई है और प्रशासन ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News