Lucknow News: उत्तर प्रदेश कैडर की वर्ष 2013 बैच की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वर्तमान में वह राज्य के राजस्व विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने रविवार सुबह सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा कर अपने 13 साल के सेवाकाल को विराम देने की जानकारी दी।
अपने भावुक संदेश में दिव्या मित्तल ने लिखा कि उन्होंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को स्वेच्छा से समाप्त करते हुए पद से त्यागपत्र दिया है। उन्होंने कहा कि आज उनकी आंखें कृतज्ञता से नम हैं। भले ही पद पीछे छूट रहा हो, लेकिन देश की मिट्टी से जुड़ा सपना और सेवा का संकल्प हमेशा उनके साथ रहेगा।
लंदन की नौकरी छोड़कर बनीं थीं प्रशासनिक अधिकारी
हरियाणा के रेवाड़ी में जन्मी दिव्या मित्तल ने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से एमबीए किया है। इसके बाद उन्होंने पति गगनदीप सिंह के साथ लंदन में लाखों के पैकेज पर नौकरी की। हालांकि देश सेवा की ललक के कारण वह भारत लौटीं। वर्ष 2012 में आईपीएस बनने के बाद 2013 में उन्होंने आईएएस बनने का सपना पूरा किया।
दिव्या मित्तल ने अपने प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि देवरिया ने उन्हें सही के लिए खड़े होने का फर्ज सिखाया, जबकि मिर्जापुर ने असंभव को संभव करना सिखाया। किसानों को पानी उपलब्ध कराने, दिव्यांगों को सम्मान देने और भूमि अधिकार दिलाने जैसे कार्यों से उन्हें अपने पूरे कार्यकाल के दौरान सबसे ज्यादा आत्मिक सुकून मिला।
मिर्जापुर में कार्यकाल के दौरान मिली थी खास पहचान
सितंबर 2022 में मिर्जापुर की जिलाधिकारी बनने के बाद दिव्या मित्तल काफी चर्चा में रहीं। उनके कार्यकाल में वहां के लहुरियादह गांव में आजादी के बाद पहली बार नल से पीने का पानी पहुंचा था। जब उनका तबादला बस्ती जिले में हुआ, तब स्थानीय जनता ने उन पर फूलों की बारिश कर बेहद भावुक विदाई दी थी।
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के समय एक बच्ची के साथ खुशी से डांस करने का उनका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। अपने कार्यकाल में जनता के साथ गहरा जुड़ाव रखने वाली इस तेजतर्रार महिला अधिकारी का अचानक सेवा से इस्तीफा देना राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस समय चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।