Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में 16 वर्षीय किशोरी घर के आंगन में बने बंद बोरवेल में गिर गई। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने लंबा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन किशोरी की जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस के अनुसार यह हादसा सुबह लगभग 6:40 बजे हुआ। किशोरी रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने की तैयारी में जुटी थी। उसी दौरान आंगन में बंद पड़े पुराने बोरवेल के ऊपर की मिट्टी अचानक धंस गई। मिट्टी धंसने से किशोरी सीधे लगभग 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।
प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने चलाया संयुक्त बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। किशोरी को सुरक्षित निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर जेसीबी मशीनों से बड़ा गड्ढा खोदा गया। इस राहत और बचाव कार्य में करीब 60 रेस्क्यू कर्मचारियों को तैनात किया गया था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि मकान की हालत कमजोर होने की वजह से रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण था। मिट्टी के दोबारा धंसने के खतरे को देखते हुए खुदाई बहुत सावधानी से की गई। भारी मशक्कत के बाद किशोरी को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन साल पहले बंद किए गए बोरवेल में हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार करीब तीन साल पहले घर के आंगन में बोरवेल का काम शुरू हुआ था। काम अधूरा रहने के कारण उस बोरवेल को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया था और दूसरी जगह नया बोरवेल बनवाया गया था। हाल ही में हुई बारिश की वजह से कमजोर जमीन धंस गई और यह घटना हुई।