आईएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफे के बाद पति गगनदीप सिंह चर्चा में, 2022 में छोड़ चुके हैं सरकारी सेवा

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल के पद से इस्तीफा देने के बाद उनके पति और पूर्व प्रशासनिक अधिकारी गगनदीप सिंह ढिल्लों भी चर्चा में आ गए हैं। गगनदीप ने साल 2022 में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद पर रहते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

गगनदीप सिंह ढिल्लों मूल रूप से पंजाब के बठिंडा जिले के गिद्दड़बाहा के निवासी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद वह लंदन चले गए, जहां उन्होंने सिटी ग्रुप में आकर्षक पैकेज पर कुछ समय तक नौकरी की थी।

लंदन की नौकरी छोड़ पहले ही प्रयास में पास की थी परीक्षा

विदेश में नौकरी के दौरान गगनदीप और दिव्या मित्तल ने देश लौटने का साझा फैसला लिया। दिल्ली आकर दोनों ने बिना किसी औपचारिक कोचिंग के सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की। गगनदीप की कड़ी मेहनत रंग लाई और उन्होंने साल 2010 में अपने पहले ही प्रयास में सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर ली थी।

इस परीक्षा में सफलता के बाद गगनदीप को भारतीय व्यापार सेवा मिली थी। उन्होंने अपनी पत्नी दिव्या मित्तल को भी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया। दिव्या ने भी लगातार मेहनत करते हुए पहले आईपीएस और फिर साल 2012 में 68वीं रैंक के साथ आईएएस बनकर सेवा शुरू की थी।

सरकारी पद छोड़ने के बाद ट्रेडिंग सेक्टर में बना रहे पहचान

दिव्या मित्तल अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया जिलों में जिलाधिकारी के रूप में तैनात रहीं। वहीं गगनदीप ने केंद्र सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दीं। वर्ष 2022 में उन्होंने संयुक्त महानिदेशक के पद से स्वैच्छिक इस्तीफा देकर अपने करियर को एक नया मोड़ दिया।

लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार सरकारी सेवा छोड़ने के बाद गगनदीप सिंह वर्तमान में कॉरपोरेट जगत में सक्रिय हैं। वह ‘न्यूराकैप’ कंपनी में एल्गोरिद्मिक ट्रेडर के रूप में काम कर रहे हैं। अब उनकी पत्नी दिव्या मित्तल द्वारा भी आईएएस पद छोड़ने के बाद इस पूर्व नौकरशाह दंपति का सफर फिर से सुर्खियों में है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News