Prayagraj News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज में भीषण जलभराव और लचर निकासी व्यवस्था को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ और स्मार्ट विकास के नाम पर खर्च किए गए करीब 1 लाख करोड़ रुपये में भारी भ्रष्टाचार हुआ है।
सपा प्रमुख ने कहा कि महाकुंभ के तहत तथाकथित स्मार्ट डेवलपमेंट पर खर्च की गई भारी-भरकम राशि के बावजूद शहर पानी-पानी हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए इसे महाभ्रष्टाचार का जीता-जागता और बहता हुआ प्रमाण बताया। उनका कहना है कि सरकार के दावों की जमीनी हकीकत बारिश ने पूरी तरह उजागर कर दी है।
‘दिव्य’ बनाने के दावे पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रशासन प्रयागराज को दिव्य शहर बनाने चला था, लेकिन अब हर तरफ केवल द्रव्य ही दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल दागा कि क्या अब सरकार प्रयागराज का नाम बदलकर ‘जलराजनगर’ रख देगी। इस तरह के बयानों से राजनीतिक पारा चढ़ गया है।
सपा अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा नेताओं के तथाकथित गलत कामों की पोल कभी धार्मिक तो कभी प्राकृतिक रूप से खुल रही है। उन्होंने जल निकासी की बदहाल व्यवस्था और विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया और जनता के प्रति जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।