Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने सत्ताईस वर्षीय कैफे मालिक शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार तीन मुख्य आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे, उनकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर पर पच्चीस-पच्चीस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत नौ अक्टूबर को लखनऊ के अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के कारण हुई थी। इस फ्लैट में श्रद्धा दुबे रहती थीं। मृतक की मां रंजना शर्मा की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस थाने में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
शरीर पर चोट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि मौत से पहले शिवा को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया था। उन्होंने दावा किया कि बेटे के शरीर पर सिगरेट से जलाए जाने के निशान थे, चेहरे पर लिपस्टिक लगी थी और मेकअप किया हुआ था। साथ ही घटना के वक्त वह केवल अंडरवियर में था।
परिजनों का यह भी आरोप है कि श्रद्धा अपने रसूख, बड़े राजनेताओं, वरिष्ठ नौकरशाहों और भारतीय क्रिकेटरों से कथित संपर्कों का डर दिखाकर शिवा को धमकाती थीं। वह उसे झूठे मामलों में फंसाकर दोबारा जेल भेजने की धमकी देती थीं। पुलिस इस मामले में अब तक पांच लोगों को नामजद कर चुकी है।
आरोपियों की तलाश में छह विशेष पुलिस टीमें गठित
लखनऊ पुलिस की छह टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। हजरतगंज पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल चैट और डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए तकनीकी और फोरेंसिक जांच जारी है।
कंप्यूटर एप्लीकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट श्रद्धा दुबे पूर्व में हैदराबाद में मॉडलिंग और फैशन ब्लॉगिंग करती थीं। वर्तमान में उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। मौत से एक सप्ताह पूर्व भी आरोपी कैफे पहुंची थी, जहां से विवाद गहराने की बात सामने आई है।
