Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में धान खरीद को लेकर बड़े आंकड़े साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि 2017 से मार्च 2026 के बीच 80 लाख से ज्यादा किसानों से 519 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इसके बदले किसानों को 1,03,833 करोड़ रुपये का सीधा भुगतान किया गया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि किसानों को उपज का सही मूल्य दिलाने के लिए धान के एमएसपी में 71 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किसानों को बीज से लेकर बाजार तक हर स्तर पर लगातार जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
कृषि विकास दर 8 से बढ़कर 18 फीसदी हुई
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले किसान कर्ज और बिचौलियों की समस्याओं से परेशान रहते थे। अब उन्हें उन्नत बीज, बेहतर सिंचाई सुविधाएं और डीबीटी से सीधा लाभ मिल रहा है। दशकों से अटकी सिंचाई परियोजनाएं पूरी होने से यूपी अब देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में 21 फीसदी योगदान दे रहा है।
प्रदेश की कृषि विकास दर 8 फीसदी से बढ़कर 18 फीसदी पहुंच गई है। इसके साथ ही राज्य दूध, गन्ना और गेहूं उत्पादन में देश में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। सरकार किसानों के अधिकारों की रक्षा, समय पर सरकारी खरीद और पारदर्शी व्यवस्था से उनकी समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।