Alwar News: राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को अपनी ही सरकार के अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। वह समर्थकों संग अलवर नगर निगम में पांच घंटे धरने पर बैठे और जिला प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाए।
जानिए किस वजह से धरने पर बैठे कैबिनेट मंत्री
मंत्री संजय शर्मा ने जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला और निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति में अधिकारियों के टालमटोल रवैये के कारण चयनित अभ्यर्थी काफी समय से परेशान हो रहे हैं।
दरअसल, नगर निगम में करीब छह महीने पहले 329 सफाई कर्मचारियों का चयन हुआ था। आरोप है कि कलेक्टर और निगम आयुक्त नियुक्ति पत्र देने में लगातार देरी कर रहे थे। मंत्री की कई बार बातचीत के बाद भी काम न होने पर उन्होंने यह कदम उठाया।
विपक्ष ने साधा निशाना और उठाए गंभीर सवाल
इस घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश में ऐसे हालात बन गए हैं कि मंत्री को खुद धरने पर बैठना पड़ रहा है।