Jaisalmer News: राजस्थान के जैसलमेर जिले में धउवा गांव के पास मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। एसएम पब्लिक स्कूल के बच्चों को ले जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
धउवा गांव के पास बस से अचानक निकलने लगा धुआं
जानकारी के अनुसार, एसएम पब्लिक स्कूल की यह बस सुबह पिथला क्षेत्र से एक दर्जन से अधिक बच्चों को लेकर जैसलमेर आ रही थी। धउवा गांव के पास पहुंचते ही बस के अगले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने स्थिति को भांपते हुए गाड़ी तुरंत रोक दी।
चालक और ग्रामीणों की तत्परता से टली बड़ी त्रासदी
आग की लपटें उठते ही बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तुरंत दरवाजे खोलकर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और राहगीरों ने भी मदद की। सभी बच्चों और स्टाफ को सकुशल बाहर निकालकर दूसरे वाहनों से भेजा गया।
देखते ही देखते धू-धू कर जल गई पूरी बस
बच्चों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।