Imphal News: मणिपुर विधानसभा में गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम ने अवैध प्रवासियों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। राज्य में अब तक 24,475 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई है। इनमें से 14,992 लोग वापस म्यांमार लौट चुके हैं, जबकि 9,453 प्रवासी अभी भी राज्य के अलग-अलग शेल्टर कैंपों में रह रहे हैं।
गृह मंत्री ने विधानसभा में एक सवाल के जवाब में जिलों के आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने बताया कि चंदेल जिले में सबसे ज्यादा 14,370 अवैध नागरिकों की पहचान हुई है। इसके अलावा कामजोंग में 6,545 और तेंगनौपाल जिले में 3,560 लोग चिन्हित किए गए। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह पहचान किस समयावधि में हुई।
नगा विधायकों ने किया विधानसभा सत्र की कार्यवाही का बहिष्कार
सत्र के दौरान नगा समुदाय के नौ विधायकों ने सदन में उपस्थित न होकर कार्यवाही का बहिष्कार किया। कांगपोकपी जिले में नगा समुदाय के छह लोगों की हत्या के विरोध में यह कदम उठाया गया। नगा पीपुल्स फ्रंट के वरिष्ठ नेता अवांगबो न्यूमई ने कहा कि मृतकों को अब तक न्याय नहीं मिला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 मई 2026 को छह नगा नागरिकों का अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़ा संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। अपहरण के करीब एक महीने बाद 10 जून को सभी छह लोगों के शव बरामद हुए। हत्यारों पर कार्रवाई न होने से नगा समाज में गहरा रोष है।