हरियाणा के नूंह में दर्दनाक हादसा, 36 घंटे गड्ढे में दबे रहने से स्टंटमैन की मौत

Share

- Advertisement -

Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले के तावडू उपमंडल स्थित खोरी कला गांव में एक खतरनाक स्टंट के दौरान 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रैवलिंग बाइसिकल सर्कस के दौरान युवक को जमीन के अंदर जिंदा दफनाने का प्रदर्शन किया जा रहा था।

मृतक की पहचान फरीदाबाद के गौंची गांव निवासी दीपक के रूप में हुई है। वह पिछले सात दिनों से चल रहे सर्कस में साइकिल के रोमांचक करतब दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन करता था। शो के अंतिम दिन उसे एक विशेष गड्ढे में उतारा गया था।

आयोजकों ने दावा किया था कि दीपक को 24 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। हालांकि कथित लापरवाही के चलते उसे करीब 36 घंटे तक बाहर नहीं निकाला गया। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी दम घुटने से मौत हो चुकी थी।

चंदे के चक्कर में देरी का आरोप

प्रत्यक्षदर्शी संचित सिंह के अनुसार, सर्कस के दौरान आयोजकों ने ऐलान किया था कि जब तक 7,100 रुपये का चंदा एकत्र नहीं हो जाता, तब तक दीपक को बाहर नहीं निकाला जाएगा। इसी वजह से उसे निकालने में काफी देरी की गई।

गड्ढा खोदे जाने पर दीपक का शव बरामद हुआ। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। इस हादसे ने मनोरंजन के नाम पर आयोजित होने वाले ऐसे जानलेवा स्टंट्स की सुरक्षा और अनुमति पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक को तय समय पर बाहर क्यों नहीं निकाला गया और इस आपराधिक लापरवाही के लिए कौन-कौन जिम्मेदार हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News