नौकरी और डायरेक्टर बनाने का झांसा देकर युवती के नाम खुलवाए 7 से अधिक बैंक खाते, 1.48 करोड़ की साइबर ठगी का हुआ लेनदेन

Share

- Advertisement -

Rohtak News: हरियाणा के रोहतक में नौकरी की तलाश में आई चरखी दादरी की एक युवती को कथित तौर पर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपितों ने युवती को 35 हजार रुपये मासिक वेतन और एक निजी फर्म में डायरेक्टर बनाने का झांसा देकर उसके नाम पर सात से अधिक बैंक खाते खुलवा लिए। इन खातों के माध्यम से 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब बैंक अधिकारी जांच के सिलसिले में युवती के घर पहुंचे।

चरखी दादरी निवासी पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह जुलाई के पहले सप्ताह में नौकरी की तैयारी के लिए रोहतक आई थी। साहसी कॉलोनी में किराये पर रहने के दौरान उसकी दोस्ती लुधियाना निवासी प्रिया अरोड़ा से हुई। इसके बाद प्रिया ने उसकी मुलाकात कपिल, मोनू मोर और सीनू से करवाई। आगे चलकर कपिल और मोनू ने दोनों की मुलाकात खरखौदा निवासी अनुज दहिया से कराई। युवती के अनुसार, बाद में वह प्रिया के साथ तिलियार के पास ओमेक्स सिटी स्थित एक फ्लैट में रहने लगी।

वेडिंग प्लानर फर्म और 28 राज्यों से सब्सिडी का दिया झांसा

शिकायत के मुताबिक, अनुज ने युवती को बताया कि वह रोहतक में वेडिंग प्लानर और टूर एंड ट्रेवल्स की फर्म शुरू कर रहा है और उसके दिल्ली, गुरुग्राम व नोएडा में भी स्टूडियो व कार्यालय हैं। मॉडल शूट, ब्राइडल शूट, कैलेंडर लॉन्च और फिल्मी इवेंट के काम का हवाला देकर उसने दोनों को 35 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी देने का प्रस्ताव दिया।

आरोपितों ने युवती को झांसा दिया कि फर्म को 28 राज्यों की सरकारों से सब्सिडी मिलेगी, जिसके लिए उसके नाम से बैंक खाते खुलवाने आवश्यक हैं। उसे फर्म में डायरेक्टर बनाने और संदीप नामक युवक को दूसरा डायरेक्टर बनाने की बात कही गई। युवती का आरोप है कि अनुज की मां अनिता ने भी खातों की आवश्यकता बताकर उसे भरोसे में लिया, जिसके बाद उसके नाम पर सात से अधिक बैंक खाते खुलवाए गए। अनुज ने पावन हाउस में फर्म का कार्यालय भी शुरू किया था।

बैंक अधिकारियों के घर पहुंचने पर खुला राज

कुछ समय काम करने के बाद भी जब युवती को वेतन नहीं मिला, तो उसने इस बारे में पूछा। आरोपितों ने उसे भुगतान आने का इंतजार करने को कहा और लगातार भरोसा दिलाते रहे कि उसके साथ कोई गलत काम नहीं होगा।

करीब 15 दिन पहले सेंट्रल बैंक के अधिकारी युवती के घर पहुंचे और जानकारी दी कि उसके बैंक खातों में 1 करोड़ 48 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन हुआ है। यह सुनकर युवती दंग रह गई और उसे एहसास हुआ कि नौकरी और डायरेक्टर पद के नाम पर खुलवाए गए उसके खातों का उपयोग साइबर अपराध में किया जा रहा था।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी

पीड़िता की शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संबंधित आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब इन बैंक खातों में हुए लेनदेन, ठगी की रकम के स्रोत और इस पूरे साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News