एक्सप्रेसवे 152-डी पर स्मॉग के कारण आपस में टकराए सात वाहन, एक कार में लगी आग; पांच लोग घायल

Share

- Advertisement -

Jind News: हरियाणा के जींद जिले में नेशनल हाईवे (एक्सप्रेसवे) 152-डी पर अमरावली गांव के पास घने स्मॉग और कम दृश्यता के कारण सात वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक हैरियर कार में आग लग गई और पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, जबकि घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।

पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह अन्य दिनों की तुलना में स्मॉग काफी अधिक था और दृश्यता 50 मीटर से भी कम रह गई थी। सुबह करीब साढ़े छह बजे एक आई-10 ग्रैंड कार अंबाला की तरफ जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक हैरियर गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे पांच अन्य वाहन भी एक के बाद एक हैरियर गाड़ी से टकराते चले गए।

टक्कर के बाद हैरियर कार में लगी आग, समय रहते बाहर निकले चालक

लगातार हुई टक्करों के बाद हैरियर गाड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई और पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

पिल्लूखेड़ा थाना के एएसआइ सुखदेव सिंह ने बताया कि जिस हैरियर गाड़ी में आग लगी, वह जींद के बरसोला गांव निवासी अजीत की थी, जो नारनौल की तरफ जा रहा था। अजीत आग लगने से पहले ही गाड़ी से सुरक्षित बाहर निकल आया था, हालांकि उसे मामूली चोटें आई हैं।

हादसे में घायल हुए अन्य यात्री

इस दुर्घटना में मोहाली निवासी संतोष भी घायल हुए हैं, जो अपने परिवार के साथ खाटू श्याम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे में केवल संतोष को मामूली चोट आई है, जबकि उनके परिवार के अन्य सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

इसके अलावा, महेंद्रगढ़ जिले के लहरौदा गांव निवासी बलवंत अपने बेटे और पोते के साथ नारनौल जा रहे थे। इस टक्कर में बलवंत, उनके बेटे और पोते को भी मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में उपचार के बाद सभी पांचों घायलों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News