Chandigarh News: हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और लोक निर्माण विभाग में 54 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद जूनियर इंजीनियर (जेई) पद पर पदोन्नति का रास्ता साफ होने जा रहा है। लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर गंगवा के साथ हुई बैठक में यह सहमति बनी।
हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में मंत्री से मुलाकात की। बैठक के दौरान यूनियन नेताओं ने कर्मचारियों की पदोन्नति, नई भर्तियों और नौकरी की सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया।
यूनियन के राज्य प्रधान गंगाराम और महासचिव जनरैल सिंह के नेतृत्व में 10 सदस्यीय समिति ने मंत्री के साथ चर्चा की। संगठन का दावा है कि कैबिनेट मंत्री रणवीर गंगवा ने उनकी सभी मांगों और मुख्य बिंदुओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए ठोस आश्वासन दिया है।
ग्रुप डी कर्मचारियों और सीवरेज सुरक्षा पर चर्चा
बैठक में ग्रुप डी कर्मचारियों को लिपिक पदों पर प्रमोट करने का मुद्दा भी रखा गया। इस पर मंत्री ने विश्वास दिलाया कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग में युक्तीकरण के तहत पदों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी।
यूनियन ने लोक निर्माण विभाग में पदों की कटौती न करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई। मंत्री रणवीर गंगवा ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सेवा संबंधी मामलों, खाली पड़े पदों को भरने और नियमित पदोन्नति की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
मंत्री ने सीवरेज की सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों के लिए सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि सफाई कार्यों के दौरान किसी हादसे की गुंजाइश न रहे।