Panchkula News: हरियाणा सरकार ने पंचकूला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में 3,586 नए नियुक्त ग्रुप-डी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नवनियुक्त युवाओं का स्वागत किया और उन्हें जनसेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प दिलाया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब सरकारी नौकरियां बिना किसी खर्च, पर्ची और सिफारिश के दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नियुक्तियां केवल मेरिट, योग्यता और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर हो रही हैं। अब किसी युवा का भविष्य नेता की पर्ची से तय नहीं होता।
मेरिट और पारदर्शिता से मिली नौकरियां
मुख्यमंत्री सैनी ने नए कर्मचारियों से ईमानदारी से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब नौकरी निष्पक्ष व्यवस्था से मिली है, तो कर्मचारियों से भी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने की उम्मीद की जाती है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं का प्रशासनिक व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
राज्य सरकार के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में 42,500 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं पिछले साढ़े 11 वर्षों के दौरान पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए 1,83,000 से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।