Faridabad News: हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में छाए घने स्मॉग और वायु प्रदूषण ने गेहूं की बोआई को प्रभावित कर दिया है। धूप नरम होने के कारण खेतों में पलेवा सूखने में 5 दिन का अतिरिक्त समय लग रहा है। वहीं, मौसम में अपेक्षित ठंड न होने और तापमान अधिक रहने से पौधों में फुटाव प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है, जिससे किसान परेशान हैं।
फरीदाबाद सहित हरियाणा के ग्रामीण अंचलों में गेहूं की बोआई का सीजन चल रहा है, लेकिन बढ़ते वायु प्रदूषण और धुएं की चादर ने खेती-किसानी की रफ्तार थाम दी है। आसमान में लगातार स्मॉग छाए रहने से धूप की तीव्रता बेहद कम हो गई है, जिसका सीधा असर खेतों की तैयारी और बोआई चक्र पर पड़ रहा है।
पलेवा सूखने में लग रहा 10 से 12 दिन का समय
गेहूं की बोआई से पहले किसान खेतों की सिंचाई (पलेवा) करते हैं। सामान्य और साफ मौसम में पलेवा के बाद खेत सात से आठ दिनों के भीतर जुताई और बोआई के लिए तैयार हो जाते हैं।
हालांकि, गांवों में पूरे दिन धुआं और स्मॉग छाए रहने के कारण धूप नरम पड़ रही है। इस वजह से खेतों में पर्याप्त नमी सूखने में 10 से 12 दिन का समय लग रहा है। परिणामस्वरूप, गेहूं की बोआई अपने निर्धारित समय से करीब पांच दिन पिछड़ रही है।
ठंड की कमी से फुटाव पर असर पड़ने की आशंका
गेहूं की फसल की भौगोलिक और वानस्पतिक जरूरतों के अनुसार, बोआई और शुरुआती विकास के समय तापमान कम और ठंड अधिक होनी चाहिए। नवंबर का महीना गेहूं के लिए सबसे अनुकूल इसलिए माना जाता है क्योंकि इस दौरान ठंड में लगातार इजाफा होता है।
वर्तमान में स्मॉग की चादर के चलते वातावरण में उमस और गर्मी बनी हुई है, जिससे रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। यदि तापमान में समय रहते गिरावट नहीं आई, तो गेहूं के पौधों में कल्ले फूटने (फुटाव) की प्रक्रिया प्रभावित होगी, जिससे पैदावार पर विपरीत असर पड़ सकता है।
क्या कहते हैं किसान
स्थानीय किसान जयप्रकाश सैनी ने बताया कि धुआं छाए रहने के कारण मौसम में अपेक्षित ठंड नहीं आ पा रही है, जिससे गेहूं की बोआई प्रभावित हो रही है।
वहीं, किसान जयपाल सिंह का कहना है कि जिन किसानों ने बारिश की नमी के सहारे बिना पलेवा किए गेहूं बो दिया था, वहां कई दाने सही तरीके से अंकुरित नहीं हो पाए हैं। ऐसे खेतों में पहला पानी (भूड़) जल्दी लगाना पड़ेगा ताकि बची हुई फसल को बचाया जा सके।
कृषि विशेषज्ञ की सलाह: 21 दिन में करें पहली सिंचाई
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, फरीदाबाद के क्षेत्रीय कृषि विकास अधिकारी डॉ. आनंद प्रकाश ने बताया कि वातावरण में धुआं और गर्मी बने रहने से गेहूं की फसल में फुटाव कम होने का जोखिम रहता है। खेतों के देर से तैयार होने से बोआई में भी विलंब हो रहा है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि जिन खेतों में गेहूं का अंकुरण हो चुका है, वहां बोआई के 21 दिन के भीतर पहली सिंचाई (भूड़ भरना) अनिवार्य रूप से कर दें। समय पर की गई पहली सिंचाई से जड़ों का विकास मजबूत होगा और पौधों में समय से फुटाव शुरू हो सकेगा।