चार्टर्ड अकाउंटेंट गुंजन राठौड़ ने पति पर लगाया दहेज, धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा का गंभीर आरोप, जांच जारी

Share

- Advertisement -

Mumbai News: पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट गुंजन राठौड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी आपबीती साझा की है। उन्होंने अपने पति और ससुराल वालों पर शादी के बाद दहेज की मांग, लाखों रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में जमानत मिल गई।

गुंजन की शादी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से हुई थी। दोनों का एक ही पेशा होने के कारण उन्हें एक सफल वैवाहिक जीवन की उम्मीद थी। हालांकि, शादी से करीब एक महीने पहले ही ससुराल पक्ष ने कार, पांच लाख रुपये नकद और चांदी के सिक्कों की मांग शुरू कर दी थी।

मास्टर्स की पढ़ाई के नाम पर 50 लाख रुपये का लोन

शादी के कुछ समय बाद दोनों ने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल में मास्टर्स के लिए आवेदन किया। एडमिशन मिलने के बाद पति ने इमोशनल बातें करके गुंजन को 50 लाख रुपये का एजुकेशन लोन लेने के लिए राजी किया। इसके अलावा वीजा और अन्य खर्चों के नाम पर गुंजन की मां से 13 लाख रुपये लिए गए।

ब्रिटेन जाने वाली फ्लाइट से ठीक तीन दिन पहले पति अचानक गायब हो गया। वापस आने पर उसने अपने पासपोर्ट से वीजा का पन्ना फाड़ दिया और जाने से मना कर दिया। उसने सारे पैसे अपने पास रख लिए, जिससे गुंजन के बुजुर्ग पिता को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और लोन चुकाने के लिए एफडी तोड़नी पड़ी।

शारीरिक शोषण के बाद पीड़िता ने दर्ज कराई एफआईआर

पैसे हड़पने के बाद पीड़ित महिला के साथ मारपीट की गई। गुंजन ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले भी इस बर्ताव को बढ़ावा देते थे। पति शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। एक रात जब पति ने साफ कहा कि वह सिर्फ शारीरिक जरूरतों के लिए साथ है, तो गुंजन ने घर छोड़कर एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेजा गया, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई। पीड़िता का दावा है कि वह अपनी जिंदगी को नए सिरे से संभालने की कोशिश कर रही हैं। यह मामला फिलहाल कानूनी प्रक्रिया के तहत विचाराधीन है और इस पर दूसरे पक्ष की कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News