ठाणे में एफडीए की बड़ी कार्रवाई, 11 अवैध फूड फैक्ट्रियों पर छापा मार 20 लाख से अधिक का सामान किया जब्त

Share

- Advertisement -

Thane News: ठाणे के शिल-दिवा रोड स्थित खारडी गांव में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) की टीम ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने अवैध और अस्वच्छ माहौल में चल रहीं 11 फूड मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर कार्रवाई करते हुए 20.48 लाख रुपये से अधिक का कच्चा माल और तैयार सामान जब्त किया है।

गंदगी, कॉकरोच और चूहों के बीच बन रहे थे स्नैक्स

जांच के दौरान यूनिट्स में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। कई कारखानों के पास वैध फूड लाइसेंस नहीं था। निर्माण स्थलों पर चिपचिपा गंदा फर्श, ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, कॉकरोच और चूहों का जमावड़ा मिला। कर्मचारी बिना मास्क, कैप और एप्रन के काम कर रहे थे तथा पैकेजिंग पर नियमों के अनुसार लेबल नहीं थे।

एफडीए ने 28,955 किलोग्राम तैयार उत्पाद, आटा, बेसन और 56 लीटर खाद्य तेल जब्त किया। इनमें वेफर्स, फरसान, भाकरवड़ी और पामोलिन तेल शामिल हैं। राकेश लालजी गुप्ता, राहुल फूड्स, कृष्णा बनाना चिप्स, कोमल वेफर्स और विमल नमकीन सहित सभी 11 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

त्योहारी सीजन में सामूहिक भोजन वितरण के लिए कड़े नियम

त्योहारों के मद्देनजर एफडीए ने स्पष्ट किया है कि बड़े पैमाने पर भोजन वितरण करने वाले आयोजकों को कार्यक्रम से सात दिन पहले संबंधित अधिकारी को सूचना देनी होगी। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर मुंबई, पुणे, कोंकण और संभाजीनगर संभाग में 10 प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News