New Delhi News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को जर्मनी के नए चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ टेलीफोन पर अहम बातचीत की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान व्यापार, रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।
राजनयिक संबंधों के 75 साल पर भविष्य की रूपरेखा तैयार
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक दोनों देश इस साल अपने राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि बनाए रखने के लिए साझा प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया।
बातचीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस संवाद को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि यूरोप के साथ भारत के संबंधों में जर्मनी एक प्रमुख स्तंभ है। दोनों देश रक्षा, निवेश, उन्नत प्रौद्योगिकी और प्रतिभा आदान-प्रदान में सहयोग तेज करेंगे, जिससे आने वाले समय में दोनों देशों की जनता को बड़ा लाभ मिलेगा।