New Delhi News: भारत की मेजबानी में राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने जा रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दो दिवसीय सम्मेलन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भरोसा जताया है कि यह बैठक वैश्विक कल्याण और साझा विकास के लिए अत्यंत फलदायी साबित होगी।
पीएम मोदी ने एक्स पर साझा किया सकारात्मक संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि आने वाले दिनों में दुनियाभर के शीर्ष नेता ब्रिक्स सम्मेलन के लिए जुटेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वैश्विक कल्याण की भावना के तहत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक चर्चा होगी। वैश्विक पटल पर भारत की मजबूत भूमिका के बीच यह आयोजन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय में ओएसडी (पीआर) वासुदेव रवि के अनुसार सम्मेलन के दौरान भारत मंडपम के इंटरनेशनल मीडिया सेंटर में लगभग 1,200 से 1,300 पत्रकारों के पहुंचने की उम्मीद है। सदस्य देशों के अलावा पार्टनर और आमंत्रित देशों से भी भारी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि जुटेंगे। वहीं सम्मेलन से पूर्व रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी द्विपक्षीय वार्ता हेतु दिल्ली पहुंच चुके हैं।