New Delhi News: चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आमंत्रण पर 12 से 13 सितंबर को भारत दौरे पर पहुंच रहे हैं। पिछले सात वर्षों में चीनी राष्ट्रपति का यह पहला भारत दौरा होगा। इस दौरान वे ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
हफ्तों पहले तय हो चुका था शी चिनफिंग का भारत दौरा
दौरे की घोषणा में भले ही औपचारिक देरी दिखी हो, लेकिन बीजिंग ने हफ्तों पहले ही भारत को आधिकारिक सूचना दे दी थी। चीन ने 27 अगस्त को ही भारतीय दूतावास से वीजा जारी करने का अनुरोध किया था। शी चिनफिंग के साथ 67 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल और एक बड़ा व्यापारिक दल भी आ रहा है।
यह महत्वपूर्ण दौरा लगभग 24 घंटे का होगा। शनिवार दोपहर को भारत मंडपम पहुंचने पर पीएम मोदी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच ब्रिक्स के बंद सत्र, द्विपक्षीय बैठक और औपचारिक रात्रिभोज में विस्तृत चर्चा होगी। इसमें विदेश मंत्री वांग यी और शीर्ष चीनी नेता भी मौजूद रहेंगे।
पूर्वी लद्दाख विवाद सुलझने के बाद सुधर रहे दोनों देशों के संबंध
साल 2024 में कजान में हुई बैठक के बाद पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद सुलझने से दोनों देशों के संबंधों में सुधार देखा जा रहा है। इस वार्ता के दौरान पीएम मोदी भारत की तरफ से व्यापार संतुलन, निष्पक्ष बाजार पहुंच और मजबूत सप्लाई चेन जैसे महत्वपूर्ण आर्थिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।