Delhi News: दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ चल रहे कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कश्मीरी युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि युवक ने प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। इसके बाद कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उससे बदसलूकी की।
गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों के बीच प्रधानमंत्री के पक्ष में बोलने पर विवाद खड़ा हो गया। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने कश्मीरी युवक के साथ कथित तौर पर हाथापाई की, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
पीड़ित युवक की पहचान कश्मीर निवासी फहीम नजीर के रूप में हुई है। घटना के बाद उसने कहा, ‘मैं कश्मीर से हूं। मैं नरेंद्र मोदी का फैन हूं। जब विपक्ष जीत जाता है तो ईवीएम में खराबी नहीं होती है। मैंने राहुल गांधी को गाली नहीं दी फिर भी मुझे मारा गया।’
फहीम ने आगे अपनी बात रखते हुए कहा, ‘मैंने अपनी आवाज उठाई है। मुझे देश को नेपाल और बांग्लादेश नहीं बनने देना है।’ युवक के अनुसार, उसने प्रदर्शन के दौरान केवल अपनी राय रखी थी। इसके बाद कुछ नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन में भारी गड़बड़ी हुई है। कांग्रेस और सहयोगी दल आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
इससे पहले बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया था। इस दौरान बैरिकेड पार करने को लेकर पुलिस से धक्का-मुक्की हुई थी। इसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया था।
विरोध प्रदर्शन के दौरान एक आम नागरिक के साथ कथित हिंसा से सियासी माहौल गर्मा गया है। लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव के नाम पर हो रहे आंदोलन में असहमति जताने वाले पर हमला होने से विपक्षी कार्यकर्ताओं के आचरण को लेकर गंभीर राजनीतिक सवाल खड़े हो रहे हैं।