Surguja News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली बंदर के हमले से पांच माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। लखनपुर ब्लॉक के ग्राम रजपुरी में जंगल से आए बंदर ने घर के पालने में सो रही बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। परिजनों ने बच्ची को बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जंगल से गांव में घुसा बंदर, घर के पालने में सो रही थी मासूम
जानकारी के मुताबिक कल शाम करीब चार बजे एक जंगली बंदर रजपुरी गांव में घुस आया। बंदर के उत्पात से डरे ग्रामीण घरों में दुबक गए। इस दौरान बंदर सुदर्शन प्रजापति के घर में घुस गया। दहशत के कारण परिजन अंदर चले गए और पालने में सो रही पांच माह की त्रिशिका को तुरंत नहीं उठा सके। बंदर ने मासूम को उठाकर पानी के ड्रम में फेंक दिया।
अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में बच्ची का चल रहा इलाज
परिजनों ने तुरंत बच्ची को ड्रम से बाहर निकाला और लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वर्तमान में बच्ची का इलाज एनआईसीयू में जारी है। घटना के बाद वन विभाग की टीम गांव में बंदर की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।