Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राजनीतिक विवाद का नया मामला सामने आया है। स्वतंत्रता दिवस पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की तिरंगा फहराने वाली तस्वीर से कथित छेड़छाड़ को लेकर सिविल लाइंस पुलिस ने कांग्रेस आईटी सेल के नेता अरुण साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
सोशल मीडिया पर एडिटेड तस्वीर पोस्ट करने का आरोप
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास की लिखित शिकायत के आधार पर यह कानूनी कार्रवाई की गई। शिकायत के अनुसार, नितिन नबीन ने 15 अगस्त को अपने आवास पर तिरंगा फहराया था। आरोप है कि अरुण साहू ने उस तस्वीर को एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैलाने के इरादे से वायरल किया।
राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम में दर्ज हुआ केस
शिकायतकर्ता ने पुलिस को वायरल पोस्ट के स्क्रीनशॉट और जरूरी दस्तावेज सौंपे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 0429/2026 दर्ज की है। अरुण साहू के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 की धारा 2 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है, जिससे खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित पोस्ट को बाद में हटा लिया गया था, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है।