Bhagalpur News: गंगा नदी पर स्थित विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के चलते आवागमन प्रभावित होने के बाद बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने वैकल्पिक मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की योजना तैयार की है। वहीं, त्योहारी भीड़ को देखते हुए मालदा रेल मंडल ने भी स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर परदेस से घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) ने कमर कस ली है। भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य के कारण परिचालन बंद रहने से लंबी दूरी की बस सेवाएं काफी प्रभावित हुई हैं।
इसके चलते भागलपुर, नवगछिया, बांका और आसपास के क्षेत्रों में सफर करने वाले यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए परिवहन मुख्यालय ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विशेष बस परिचालन का निर्देश दिया है।
वैकल्पिक रूटों का स्थलीय सर्वे शुरू
मुख्यालय के निर्देश पर स्थानीय परिवहन निगम की तकनीकी एवं प्रशासनिक टीमें सक्रिय हो गई हैं। टीमें भागलपुर से जुड़ने वाले विभिन्न संपर्क और वैकल्पिक मार्गों का स्थलीय सर्वे कर रही हैं, ताकि अधिक यात्री दबाव वाले मार्गों को चिन्हित किया जा सके।
सर्वे का काम पूरा होते ही निर्धारित रूटों पर सरकारी बसों का नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी और निजी बस व वाहन चालकों की मनमानी से भी निजात मिलेगी।
रेलवे ने जारी किए सुरक्षा निर्देश, ज्वलनशील पदार्थों पर सख्त पाबंदी
त्योहारों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर पूर्व रेलवे के मालदा रेल मंडल ने भी व्यापक सुरक्षा और जागरूकता अभियान शुरू किया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मनीष कुमार गुप्ता ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और नशाखुरानी गिरोहों से सतर्क रहते हुए किसी भी अनजान व्यक्ति से खाद्य या पेय पदार्थ स्वीकार न करें।
डीआरएम ने सख्त चेतावनी दी है कि ट्रेनों अथवा स्टेशन परिसर में पटाखे, गैस सिलेंडर, पेट्रोल या किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ ले जाना गैरकानूनी है। इसके साथ ही यात्रियों को चलती ट्रेन में न चढ़ने-उतरने, पटरी पार करने के बजाय फुटओवर ब्रिज का उपयोग करने तथा किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को देने के निर्देश दिए गए हैं।