Madhubani News: बिहार के मधुबनी जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने तीन महिलाओं को कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से तुरंत फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अरेर थाना क्षेत्र के हनुमान चौक नवटोली की महिलाएं सुबह टहलने निकली थीं। टहलने के बाद तीन महिलाएं जगदंबा पेट्रोल पंप के सामने ईंट भट्ठे के पास सड़क किनारे बैठी हुई थीं। तभी रहिका की तरफ से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया।
यह हादसा सड़क से करीब तीन-चार फीट की दूरी पर हुआ। हादसे में तीन महिलाओं की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाएं बाल-बाल बच गईं। घटना से भड़के लोगों ने चालक की गिरफ्तारी और वाहन पहचान की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया।
सड़क जाम की वजह से मुख्य मार्ग पर यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार और अरेर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उग्र लोगों को समझाने का प्रयास किया।
मृतकों की पहचान फूल दाई देवी (72), किरण देवी (42) और रीता देवी (55) के रूप में हुई है। दो मृत महिलाओं के परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ ले गए हैं। रीता देवी का शव सड़क पर ही रखा हुआ है। पुलिस की टीम फरार वाहन की लगातार तलाश कर रही है।