Jhansi News: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान की गुरुवार को झांसी में दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आबान और चालक दोनों की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और कार अनियंत्रित होना
पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। हल्की बारिश के बीच तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। मवेशी सामने आने और ईंट पर पहिया चढ़ने की बातें भी कही जा रही हैं, लेकिन एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि तेज गति ही हादसे की मुख्य वजह रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद क्रेटा कार के सभी दरवाजे लॉक हो गए थे। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक जाने से आबान के सिर में इंजन के कलपुर्जे धंस गए थे। चालक भी स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोहे के सब्बल से कार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।
‘मेरा नाम आबान है, मुझे बचा लो’ थे आखिरी शब्द
एक प्रत्यक्षदर्शी दीपक ने बताया कि कार पलटने के बाद वह तुरंत मदद के लिए पहुंचा। आगे की सीट पर बैठा युवक खून से लथपथ था। उसने रोते हुए अपना नाम आबान बताया और बचाने की गुहार लगाई। हालांकि अधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे में कार सवार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रशासन ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।