Chamba News: जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई खेलों में हिमाचल के चंबा जिले की धाविका सीमा आज अपनी रफ्तार का जलवा दिखाएंगी। 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले में गुरुवार शाम वह देश के लिए पदक जीतने उतरेंगी। पूरे देश को चंबा की बेटी से गोल्ड मेडल की आस है।
मार्च 2026 में सीमा ने बनाया था अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड
रेटा गांव की सीमा ने मार्च 2026 में 10,000 मीटर दौड़ में 32 मिनट 02.43 सेकंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया था। उनके खेल करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में हो गई थी। खेलो इंडिया स्कूल गेम्स में तीन हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।
सीमा ने राष्ट्रीय खेलों में भी 10,000 और 5,000 मीटर दौड़ में कई स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए हैं। यूथ एशियन एथलेटिक्स में कांस्य पदक जीत चुकीं सीमा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ा चुकी हैं। आज शाम सात बजे नागोया के ट्रैक पर पूरा देश उनके शानदार प्रदर्शन की प्रार्थना कर रहा है।