Chamba News: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के आदेशों की समय पर अनुपालना न होने पर उच्च शिक्षा निदेशालय ने कड़ा रुख अपनाया है। निदेशालय ने चंबा के संबंधित शिक्षा अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
शिक्षकों के वित्तीय लाभ से जुड़ा है पूरा मामला
यह मामला प्रवक्ता रोशन लाल, शास्त्री गणेश दत्त और टीजीटी उत्तम चंद की याचिकाओं से जुड़ा है। अदालत ने इन शिक्षकों को मौद्रिक लाभ देने के आदेश दिए थे। निदेशालय ने फरवरी 2025 में चंबा के प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को निर्देश तुरंत लागू करने को कहा था।
प्रधानाचार्यों ने उपनिदेशक को बजट की मांग भेजी थी, लेकिन यह मांग निदेशालय तक नहीं पहुंचाई गई। निदेशालय ने इसे अदालती आदेशों और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की खुली अवहेलना माना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अफसरों से तय तारीख पर जवाब मांगा गया है।