New Delhi News: ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया है। 17 महीने में दूसरी बार टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद लाबुशेन ने भरोसा जताया कि वह जल्द राष्ट्रीय टीम में वापसी करेंगे। फिलहाल वह घरेलू क्रिकेट में क्वींसलैंड की कप्तानी संभालेंगे।
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम से बाहर किए जाने के बाद अनुभवी बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। लाबुशेन ने कहा कि उन्हें अपनी वापसी को लेकर कोई संदेह नहीं है और वे घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के जरिए फिर से राष्ट्रीय टीम में जगह बनाएंगे। ऑस्ट्रेलियाई चयन समिति के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने स्पष्ट किया है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में लाबुशेन को टीम में शामिल नहीं किया जाएगा। पिछले 17 महीनों के भीतर यह दूसरा मौका है जब लाबुशेन को टेस्ट टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया है।
दबाव से हटने और सुधार करने का अवसर
क्रिकेट.कॉम.एयू से बातचीत करते हुए लाबुशेन ने कहा, “एक क्रिकेटर के तौर पर आप परिस्थितियों से भली-भांति वाकिफ होते हैं। आप इसे लगातार समीक्षा और पिछले दो साल से बने दबाव से थोड़ा पीछे हटने के एक मौके के रूप में देखते हैं।”
दाएं हाथ के बल्लेबाज अब घरेलू क्रिकेट का रुख करेंगे। वह शेफील्ड शील्ड टूर्नामेंट में क्वींसलैंड की कप्तानी करते नजर आएंगे, जिसका अगला दौर बुधवार से शुरू हो रहा है।
खराब फॉर्म के चलते चयनकर्ताओं ने लिया फैसला
लाबुशेन को उनके खराब फॉर्म के कारण टेस्ट टीम से बाहर किया गया है। उनके बल्ले से रनों का सूखा 2023 की एशेज सीरीज के बाद से बना हुआ है, जिसमें उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट शतक जड़ा था। पिछले साल वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर होने के बाद से उन्होंने 10 टेस्ट की 19 पारियों में केवल दो अर्धशतक लगाए हैं। 32 वर्षीय लाबुशेन अपनी पिछली 16 टेस्ट पारियों में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं।
‘टीम में वापसी को लेकर कोई संदेह नहीं’
लाबुशेन ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी का मेरा रास्ता अपने आप बन जाएगा। मैंने पहले भी यह किया है और मुझे कोई शक नहीं है कि मैं दोबारा वहां पहुंचूंगा। यह कब होगा, कोई नहीं जानता, लेकिन मेरी यही चाहत और लक्ष्य है। फिलहाल मेरा पूरा ध्यान क्वींसलैंड पर है। एक कप्तान, बल्लेबाज, फील्डर और गेंदबाज के तौर पर मैं टीम की जीत के लिए हर संभव योगदान दूंगा।”
लाबुशेन के बाहर होने से अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में कर्टिस पैटरसन, नाथन मैकस्वीनी, सैम कोंस्टास और जैक क्लेटन जैसे खिलाड़ियों के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।