संन्यास से एक दिन पहले केन विलियमसन ने की थी विराट कोहली से बात, पूर्व कीवी कप्तान का बड़ा खुलासा

Share

- Advertisement -

New Delhi News: न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने खुलासा किया है कि 12 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने से एक दिन पहले उन्होंने विराट कोहली से बातचीत की थी। विलियमसन के अनुसार, विराट से हुई इस लंबी बातचीत ने उन्हें करियर को लेकर स्पष्टता दी और फैसला लेने में मदद की।

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और ‘फैब-फोर’ का हिस्सा रहे केन विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास को लेकर बड़ा खुलासा किया है। विलियमसन ने बताया कि संन्यास की आधिकारिक घोषणा करने से ठीक एक दिन पहले उन्होंने अपने करीबी दोस्त और भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली से सलाह ली थी। उस बातचीत के बाद ही उन्हें अपने फैसले पर पूरी स्पष्टता मिली। विलियमसन ने 12 जून 2026 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।

‘विराट से बात करना आईने में देखने जैसा था’

एक पॉडकास्ट के दौरान केन विलियमसन ने अपने इस फैसले की पृष्ठभूमि साझा की। उन्होंने कहा, “मैंने ऐसे कुछ लोगों से बात की थी, जो मेरे बहुत करीब हैं। रिटायरमेंट का ऐलान करने से एक दिन पहले मैंने विराट कोहली से भी बात की थी। वह अनुभव बिल्कुल आईने में देखने जैसा था। लंबे समय तक खेलते हुए हमने खेल में जो अनुभव हासिल किया है, उसे एक-दूसरे के साथ साझा किया।”

विलियमसन ने आगे कहा कि खेल जगत में शायद ही कोई और होगा जिसने इतने लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर क्रिकेट खेला हो, कप्तानी का दबाव संभाला हो और साथ ही पारिवारिक जिम्मेदारियों के तहत बच्चों की परवरिश भी की हो। उन्होंने बताया कि विराट से चर्चा करने पर उन्हें लगा कि दोनों का जीवन का सफर काफी हद तक एक जैसा रहा है।

10 हजार टेस्ट रन पूरे करने से रह गए थे दूर

विलियमसन जब संन्यास ले रहे थे, तब वह टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रन का आंकड़ा छूने से मात्र 485 रन दूर थे। इसके बावजूद उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच में ही क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। विलियमसन ने अपने 110 मैचों के टेस्ट करियर में 9,515 रन बनाए।

वहीं, दूसरी ओर विराट कोहली भी टेस्ट और टी20 फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं। विराट ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास लिया था, जबकि मई 2025 में उन्होंने अपने टेस्ट करियर पर विराम लगाया। विराट ने 123 टेस्ट मैचों में 30 शतक और 31 अर्धशतक की मदद से 9,230 रन बनाए। फैब-फोर क्लब के ये दोनों दिग्गज बल्लेबाज 10 हजार टेस्ट रन के आंकड़े के बेहद करीब पहुंचकर इस प्रारूप से अलग हुए।

Read more

Related News